
हाथरस 11 अगस्त। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव सौखना में सोमवार रात बच्चों के विवाद के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने के साथ ही मकानों पर ईंट-पत्थर फेंके। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है। थाना हाथरस गेट के उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह के अनुसार, 10 अगस्त की रात डायल 112 के माध्यम से गांव सौखना में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वह कांस्टेबल अतुल जनमेदा, परविंद्र रावत और विजय राठौर के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, मौके पर प्रथम पक्ष से कालू, प्रशांत उर्फ छोटू, पुष्पेंद्र, विप्पो उर्फ विपिन, आकाश, कमलेश देवी पत्नी जगवीर सिंह, आशा देवी पत्नी वीर सिंह, जगवीर सिंह सहित 10-12 अज्ञात लोग मौजूद थे। वहीं दूसरे पक्ष से गोविंद, शान, रिंकू, रफीक सहित 10-15 अज्ञात लोग मौजूद बताए गए। आरोप है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर रहे थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बाद दोनों पक्षों ने मकानों और घरों पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव के चलते गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। डर के कारण अधिकांश ग्रामीणों ने अपने घरों के खिड़की-दरवाजे बंद कर लिए।
इस दौरान दोनों पक्षों के कुछ लोगों के घायल होने की भी बात सामने आई है। परिजन घायलों को उपचार के लिए अपने साथ ले गए। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को शांत कराया। इसी बीच प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह ने मंगलवार को थाने में तहरीर देकर दोनों पक्षों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








