
हाथरस 11 अगस्त। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हाथरस की ओर से 7 अगस्त को वीडियो कॉल के माध्यम से शिक्षकों के ऑनलाइन निरीक्षण को लेकर जारी आदेश का उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने कड़ा विरोध जताया है। संघ ने आरोप लगाया कि बिना किसी वैध शासनादेश के जारी किए गए इस आदेश से शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में शिक्षकों ने आदेश को नियमविरुद्ध बताते हुए इसके खिलाफ आवाज उठाई। मामले को लेकर शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराया। शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के बाद सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से फोन पर वार्ता की। विधायक ने बीएसए को निर्देश दिए कि शासन स्तर से किसी भी लिखित शासनादेश के बिना शिक्षकों पर वीडियो कॉल के माध्यम से निरीक्षण को लेकर अनुचित दबाव न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का आईना हैं और उनके स्वाभिमान एवं मानसिक शांति से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारियों पर शिक्षकों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। उन्होंने मांग की कि 7 अगस्त को जारी वीडियो कॉल निरीक्षण संबंधी पत्र तत्काल वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि कक्षा पांच और आठ उत्तीर्ण विद्यार्थियों के अगली कक्षाओं में प्रवेश के नाम पर प्रधानाध्यापकों का वेतन रोकना अन्यायपूर्ण है और इस दंडात्मक कार्रवाई को तत्काल समाप्त कर वेतन बहाल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही तकनीकी समस्याओं के बावजूद शिक्षकों पर अपार आईडी बनाने के लिए डाला जा रहा दबाव भी समाप्त करने की मांग की गई। शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि यदि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से शिक्षकों का उत्पीड़न और बिना शासनादेश के आदेश लागू करने का प्रयास बंद नहीं किया गया तो जनपद का शिक्षक समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। संघ ने आंदोलन की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी विभागीय प्रशासन की होने की बात कही। ज्ञापन देने वालों में विजय वीर सिंह, वीरेंद्र कुमार सिंह, योगेंद्र शर्मा, संतोष शर्मा, कन्हैयालाल, कृष्णकांत कौशिक, शशिकुलश्रेष्ठ, लाल बहादुर, विनय प्रताप सिंह, भगवानदास यादव, कुलदीप चौधरी, नरेश मीणा, अमित पचौरी, नितेश वार्ष्णेय, गिरेंद्र सिंह, अमित शर्मा, गौरव पचौरी, जितेंद्र कौशल, देवेंद्र सेंगर, योगेश, यशवीर सिंह, मुकेश कोहली, संजय सारस्वत, पुनीत चौधरी, नूतन गुप्ता, राजकुमारी उपाध्याय सहित जनपद से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।






