Hamara Hathras

Latest News

सासनी 10 अगस्त। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल प्रखंड सासनी की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बस स्टैंड सासनी पर ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ का आयोजन उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं संतों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद हाथरस के जिला संगठन मंत्री देवराज ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अखंड भारत केवल भौगोलिक मानचित्र नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक जागरण के प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए। मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद हाथरस के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने अखंड भारत के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य और विभाजन के इतिहास पर विचार रखे। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक सुरक्षा और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इतिहास को याद रखने का उद्देश्य केवल अतीत का स्मरण करना नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता को बनाए रखना है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी पंकज कुमार ने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि सभी समाज के लोगों को एकजुट होकर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में एकता और भाईचारा मजबूत होगा तो देश की एकता भी मजबूत होगी और अखंड भारत का संकल्प आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने हाथ उठाकर अखंड भारत के निर्माण के लिए संकल्प लिया। इसके बाद ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान प्रांत सेवा टोली सदस्य विद्याभूषण गर्ग, प्रखंड अध्यक्ष योगेश, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष हेमंत कौशल, देदामई खंड अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अंकित शर्मा, बजरंग दल के अमन भार्गव सहित अन्य कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page