
हाथरस 10 अगस्त। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक होने के साथ-साथ प्रत्येक भारतीय के गौरव, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को दर्शाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने जनपद के प्रत्येक परिवार से इस अभियान से जुड़ने और अपने घर पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने जनपदवासियों से अभियान के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में योगदान देने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए और आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं उसकी गरिमा के प्रति जागरूक किया जाए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि सभी लोग अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दें और ‘हर घर तिरंगा’ के संकल्प को जन-जन का अभियान बनाएं।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101







