
हाथरस 08 अगस्त। आज दोपहर करीब 3:30 बजे आगरा रोड पर सेकसरिया सुशीला देवी स्कूल के सामने रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर जोगीपुरा निवासी 50 वर्षीय रामप्रकाश पुत्र रामस्वरूप बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान कासगंज डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामप्रकाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के मुताबिक रामप्रकाश एक आयुर्वेदिक कंपनी में कार्यरत थे और अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।






