हाथरस 08 अगस्त। श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. मंजू वर्मा के दिशा-निर्देशन में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के प्रथम चरण के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रेंजर्स प्रभारी डॉ. रंजना प्रकाश एवं सदस्य डॉ. शशि कुमारी की देखरेख में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ देश के गौरवशाली इतिहास की स्मृतियों को संजोना रहा। रंगोली प्रतियोगिता में ग्रुप अ की रश्मि, शालू और निशा ने प्रथम स्थान, ग्रुप ब की शिवानी, विनीता और सीमा ने द्वितीय स्थान, जबकि ग्रुप स की अंजलि, मोनिका और सोनम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप द की खुशी परमार, मुस्कान और उमा श्रोती को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
महाविद्यालय में एनएसएस के तत्वावधान में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत स्लोगन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एनएसएस की प्रथम इकाई की प्रतियोगिता में बीए प्रथम सत्र की साक्षी ने प्रथम, बीए तृतीय सत्र की दिशा शर्मा ने द्वितीय तथा बीए तृतीय सत्र की नाजिश अंसारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एनएसएस की द्वितीय इकाई में भी साक्षी ने प्रथम, दिशा शर्मा ने द्वितीय और नाजिश अंसारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में कु. नाहिद बी, कु. नेहा यादव एवं डॉ. रेनू सिंह शामिल रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में कु. नाहिद बी एवं डॉ. प्रियंका सरोज का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी प्रतिवेदन समिति प्रभारी नेहा यादव एवं डॉ. प्रियंका सरोज द्वारा उपलब्ध कराई गई।











