
मुरसान 07 अगस्त। क्षेत्र में फोनपे साउंड बॉक्स ठीक करने के बहाने एक युवक से एक लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। नगला गोपी गांव निवासी पीड़ित की शिकायत पर मुरसान पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को बैंक खाते से हुए लेनदेन का विवरण सौंपते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। नगला गोपी निवासी फौजी पुत्र हरिशंकर ने बताया कि वह गांव के निकट नए मथुरा-बरेली मार्ग के पुल के नीचे बिरयानी की दुकान चलाते हैं। 28 जुलाई को उनके फोनपे साउंड बॉक्स में खराबी आ गई थी, जिसके बाद उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, 2 अगस्त को दो अज्ञात युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और खुद को साउंड बॉक्स ठीक करने वाला बताया।
आरोप है कि दोनों युवकों ने काफी देर तक साउंड बॉक्स ठीक करने का नाटक किया। इसके बाद उन्होंने अपने बैग से नया साउंड बॉक्स निकालकर उसका कनेक्शन सेट करने की बात कहते हुए फौजी का मोबाइल फोन ले लिया। पीड़ित का आरोप है कि मोबाइल से छेड़छाड़ कर आरोपितों ने उसके बैंक खाते से 10,800 रुपये निकाल लिए। इसके अलावा उसके नाम पर एक फाइनेंस कंपनी से करीब एक लाख रुपये का लोन भी स्वीकृत कराकर रकम हड़प ली गई। इस तरह पीड़ित को एक लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ। फौजी के मुताबिक, आरोपितों ने उसकी सिम भी बंद कर दी थी। अगले दिन वह बाजार गया और सिम को दोबारा चालू कराया। सिम चालू होने के बाद मोबाइल पर आए मैसेज देखने पर उसे अपने साथ हुई साइबर ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद उसने बैंक खाते से जुड़े लेनदेन का पूरा विवरण जुटाकर पुलिस को सौंपा। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।






