Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अगस्त। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज शाम तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा चंदपा कोतवाली क्षेत्र के बिसाना गांव में भूदेव नर्सरी के सामने हुआ। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार, आगरा की ओर से खुर्जा डिपो की रोडवेज बस तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सादाबाद क्षेत्र के कुंजलपुर गांव निवासी करीब 40 वर्षीय रामकिशन के रूप में हुई है। बताया गया कि रामकिशन राजस्थान के जयपुर देहात क्षेत्र स्थित महुआ बालाजी में एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। शुक्रवार को वह बिसाना गांव निवासी अपने साढ़ू सोनू के घर आलू का कट्टा देने आए थे। वहां से बाइक से वापस अपने घर लौटते समय बिसाना में भूदेव नर्सरी के सामने यह हादसा हो गया। हादसे के बाद आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर चंदपा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। रामकिशन अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। सबसे बड़े बेटे की उम्र करीब 14 वर्ष, जबकि सबसे छोटी बेटी की उम्र महज चार साल बताई गई है। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page