
हाथरस 07 अगस्त। नगर में आज शाम जाहरवीर गोगा जी महाराज की छड़ी शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ लाला नगला स्थित पथवारी मंदिर से हुआ। कमेटी के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती की, जिसके बाद शोभायात्रा रवाना हुई। शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और भक्तिमय प्रस्तुतियां शामिल रहीं। बैंड की धुनों और भक्तिगीतों पर श्रद्धालु उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। शहर के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक तोरण द्वार भी सजाए गए थे। शोभायात्रा नगर के विभिन्न इलाकों से होते हुए दिरहम तक पहुंची। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरी यात्रा के दौरान जाहरवीर गोगा जी महाराज के जयकारों और भक्तिगीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। देर रात तक नगर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा। इस अवसर पर मोहनलाल वार्ष्णेय, मयंक गुप्ता, योगेश शर्मा, ललित कुमार, पवन कुमार गुप्ता, योगेश वार्ष्णेय, लव कुमार वार्ष्णेय, मोहनलाल गोस्वामी, अनिल वार्ष्णेय, चंदन, मोहित, दीपक शर्मा, नीरज जैसवाल, तुलसी गोस्वामी, राकेश गुप्ता, आनंद वार्ष्णेय और योगेश शानू सहित कमेटी के कई पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।








