हाथरस 07 अगस्त। श्रावण मास में चल रही पवित्र कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। एसपी ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित तालाब चौराहे पर कांवड़ मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, कांवड़ियों के आवागमन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए किए गए अन्य प्रबंधों को परखा। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कांवड़ मार्ग पर लगातार सतर्क दृष्टि रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं प्रमुख चौराहों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के साथ आत्मीय एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं का तत्काल संज्ञान लेकर यथासंभव समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और विश्वास का पर्व है। जनपद पुलिस का प्रयास है कि गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िए को सुरक्षित, सुगम और सुखद वातावरण उपलब्ध कराया जाए। यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार भ्रमण, निगरानी और प्रभावी पुलिसिंग की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल 24 घंटे मुस्तैद है।







