
हाथरस 07 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में संचालित हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विकासखंडों में स्थित शहीद स्मारकों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शहीद स्मारकों और उनके आसपास के परिसर की साफ-सफाई कराकर स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण सुनिश्चित किया गया। अभियान के तहत संबंधित निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारकों की साफ-सफाई के साथ-साथ उनके रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया। इस दौरान नागरिकों से अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि शहीद स्मारक देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाते हैं, इसलिए इन स्थलों की स्वच्छता एवं गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के तहत जनपद में विभिन्न जनजागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को और अधिक मजबूत करना है। प्रशासन ने नागरिकों से अभियान से जुड़कर इसे सफल बनाने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील की है।











