Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अगस्त। विकासखंड सादाबाद के सभागार कक्ष में आज ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ/बाल विवाह टास्कफोर्स की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने की। उन्होंने एनआरएलएम का परिचय देते हुए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित कराने की अपील की। साथ ही घर, परिवार और कार्यक्षेत्र के आसपास के बालक-बालिकाओं को टीवी और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूर रखते हुए उन्हें अच्छे संस्कार देने के लिए प्रेरित किया।

सहायक विकास अधिकारी पंचायत राम किशन सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित किया। महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने बेटियों को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। इनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोष, 181 महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, किशोर न्याय अधिनियम-2015, बालश्रम, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 तथा घरेलू हिंसा से संबंधित प्रावधान शामिल रहे।

मोनिका दीक्षित ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं के प्रति होने वाले सामाजिक भेदभाव को समाप्त करना है। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए 1098 और 112 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी सोनू आर्या ने उपस्थित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अधिक से अधिक आवेदन कराने तथा ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठकों का कार्यवृत्त प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विशेष दत्तक ग्रहण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता प्रीती गोयल ने बच्चों को गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चे को गोद लेने के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है। बैठक में महिला कल्याण विभाग से बंटी कुशवाहा सहित सादाबाद विकासखंड की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम, बेटियों की शिक्षा और महिलाओं एवं बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page