केडी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में नवागंतुक छात्र-छात्राओं का हुआ ओरिएंटेशन, सेवाभाव और अनुशासन का दिया संदेश
मथुरा 07 अगस्त। केडी विश्वविद्यालय के शैक्षिक संस्थान केडी कॉलेज ऑफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंस में आज नवागंतुक छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, लगन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने की सीख दी। वक्ताओं ने कहा कि नर्सिंग और पैरामेडिकल क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए क्षमता, व्यवहार, देखभाल और सेवाभाव का होना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम का शुभारम्भ विश्वविद्यालय के सीईओ अरुण अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, उप-कुलपति डॉ. गौरव सिंह, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, डीन एवं प्राचार्य डॉ. आरके अशोका, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगनदीप सिंह, उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अम्बरीश कुमार तथा केडी कॉलेज ऑफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंस की प्राचार्या एनपी चानू सहित अन्य पदाधिकारियों ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया।
सीईओ अरुण अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति में प्रशिक्षित नर्सेज और योग्य पैरामेडिक्स की देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में मांग है। विद्यार्थी लगन और मेहनत के साथ इस क्षेत्र में बेहतर करियर बना सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को केडी कॉलेज ऑफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंस का चयन करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि संस्थान में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकेंगे। कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने कहा कि नर्सेज और पैरामेडिक्स स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अनुशासन में रहकर लगन और मेहनत से पढ़ाई करने पर हर लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ उच्चस्तरीय प्रशिक्षण के पर्याप्त अवसर भी मिलेंगे।
केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर के डीन एवं प्राचार्य डॉ. आरके अशोका ने कहा कि नर्सिंग का क्षेत्र संभावनाओं से परिपूर्ण है। चिकित्सा क्षेत्र में चिकित्सक और नर्स एक गाड़ी के दो पहियों के समान हैं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग क्षेत्र में कार्यरत लोगों में अपने कार्य के बेहतर प्रदर्शन के लिए एबिलिटी, बिहेवियर, केयर और कम्पैशन जैसे गुणों का होना आवश्यक है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अम्बरीश कुमार ने केडी विश्वविद्यालय और उससे जुड़े शैक्षिक संस्थानों के साथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. रामकिशोर अग्रवाल एवं प्रो-कुलाधिपति मनोज अग्रवाल के कृतित्व और व्यक्तित्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आरके ग्रुप का शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अनुशासन और मेहनत के साथ शिक्षा एवं प्रशिक्षण हासिल कर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
केडी कॉलेज ऑफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंस की प्राचार्या एनपी चानू ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि ओरिएंटेशन प्रोग्राम उनके जीवन के अगले चरण में पहला और महत्वपूर्ण कदम है। संस्थान का उद्देश्य युवा और उत्साही छात्र-छात्राओं को अनुशासित, रचनात्मक और एथिकल प्रोफेशनल्स के रूप में विकसित करना है, ताकि वे चिकित्सा क्षेत्र में नजीर बन सकें। उप-प्राचार्य गौरव त्यागी ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं को कॉलेज के नियम-कायदों और पठन-पाठन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन में रहकर शिक्षा हासिल करने तथा अपने सेवाभावी कार्यों से चिकित्सा क्षेत्र में नजीर स्थापित करने का आह्वान किया। कॉलेज के शिक्षकों ने भी नवागंतुक छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गर्विता सोपेरना और डॉ. आयुष नागल ने किया, जबकि आभार कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने व्यक्त किया। वंदेमातरम् गीत के साथ ओरिएंटेशन प्रोग्राम का समापन हुआ।






