Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 अगस्त। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (PMSA), शाखा हाथरस के द्विवार्षिक चुनाव आज शांतिपूर्ण एवं नियमानुसार संपन्न हुए। चुनाव परिणाम की औपचारिक घोषणा के साथ ही संघ के नए पदाधिकारियों के नामों पर मुहर लग गई। चुनाव में संघ के कुल 67 डॉक्टर मतदाताओं में से 61 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव अधिकारी व जिला महिला चिकित्सालय डॉ. अनूप शर्मा तथा रिटर्निंग ऑफिसर एवं निर्वाचन अधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय डॉ. राजीव गुप्ता की देखरेख में मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी कराई गई। अध्यक्ष पद पर डॉ. दलवीर सिंह और डॉ. प्रवीन कुमार भारती के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। मतगणना के दौरान दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला टाई की स्थिति में पहुंच गया। इसके बाद मतों की समीक्षा की गई, जिसमें दो मत निरस्त पाए गए। अंतिम मतगणना में डॉ. दलवीर सिंह को 30 मत, जबकि डॉ. प्रवीन कुमार भारती को 29 मत प्राप्त हुए। इस तरह डॉ. दलवीर सिंह ने महज एक मत के अंतर से जीत दर्ज कर संघ के अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं सचिव पद पर डॉ. केके शर्मा ने एकतरफा जीत दर्ज की। उन्हें 58 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी डॉ. विनीत कुमार सक्सेना को 2 मत प्राप्त हुए। इस जीत के साथ डॉ. के.के. शर्मा लगातार तीसरी बार संघ के सचिव निर्वाचित हुए। निर्वाचन अधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बताते हुए परिणाम की औपचारिक घोषणा की। नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शाखा हाथरस की कार्यकारिणी का शीघ्र गठन करने के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव परिणाम की सूचना प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की केंद्रीय कार्यकारिणी, लखनऊ को भी भेज दी गई है। परिणाम घोषित होने के बाद चिकित्सकों और संघ के सदस्यों में खुशी का माहौल देखने को मिला। डॉक्टरों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. दलवीर सिंह और सचिव डॉ. के के शर्मा को माला पहनाकर बधाई दी। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी चिकित्सकों का आभार जताते हुए डॉक्टरों के हितों और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page