
हाथरस 06 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के शांति भवन, आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र की ओर से संगठन की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि की स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संगठन के राजयोग रिसर्च एंड फाउंडेशन के मेडिकल विंग द्वारा प्रेम रघु ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट आयुर्वेदिक मेडिकल एवं पैरामेडिकल कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. पीपी सिंह, बीके शांता बहन, उपनिदेशक डॉ. भरत शर्मा और प्राचार्या डॉ. सरोज गौतम सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के छवि चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बीके शांता बहन ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा इंसान से उसका परिवार और खुशियां सब छीन लेता है। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित कर रही है तथा देश को गर्त की ओर धकेल रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वस्थ जीवनशैली, युवा शक्ति, मूल्यनिष्ठ शिक्षा, आध्यात्मिक जागरूकता और जनभागीदारी को नशामुक्त एवं विकसित भारत की मजबूत नींव बताए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारी संगठन का यह अभियान इन्हीं मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सकारात्मक प्रयास है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ट्रेनीज, डॉक्टर्स एवं पैरामेडिकल स्टाफ को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नाटक और पोस्टरों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया और लोगों से नशे की आदत छोड़ने का आह्वान किया। प्रेम रघु ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट आयुर्वेदिक मेडिकल एवं पैरामेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. पीपी सिंह ने ब्रह्माकुमारी संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में संगठन की भूमिका समाज में अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। कार्यक्रम में बीके उमा, पूजा बहन, राकेश अग्रवाल, गजेंद्र भाई सहित संस्थान का पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य लोग मौजूद रहे।












