
हाथरस 05 अगस्त। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, शाखा का निर्वाचन कल गुरुवार को आगरा रोड स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में होगा। चुनाव में अध्यक्ष सहित आठ पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। अध्यक्ष और सचिव पद पर दो-दो प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव अधिकारी एसीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता और डॉ. अनूप शर्मा ने बताया कि संघ के अध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, सामान्य उपाध्यक्ष, सचिव, सदस्य केंद्रीय कार्यकारिणी, वित्त सचिव एवं संपादक पद के लिए निर्वाचन होगा। अध्यक्ष पद के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण भारती और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान के एमओआईसी डॉ. दलवीर सिंह चुनाव मैदान में हैं। वहीं सचिव पद के लिए डॉ. विनीत सक्सेना और बागला संयुक्त जिला अस्पताल के ईएनटी सर्जन डॉ. केके शर्मा के बीच मुकाबला होगा। अन्य पदों के लिए भी निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।








