
हाथरस 05 अगस्त। सासनी थाना क्षेत्र में रंजिश को लेकर सिद्धनगर निवासी युवक और उसकी पत्नी के साथ दो दिन में दो बार मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित नरेश कुमार ने किशनपुरी निवासी चार लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना सासनी में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह विद्यालय में काम करने के बाद घर लौट रहा था। रास्ते में किशनपुरी निवासी रामू और नरेश ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को आता देख दोनों आरोपित वहां से भाग गए। पीड़ित का आरोप है कि इसके अगले दिन 28 जुलाई की शाम रामू, नरेश, तानिया पुत्री रामू और चंद्रकवती पत्नी महेश निवासी किशनपुरी उसके सिद्धनगर स्थित घर पर पहुंच गए। आरोप है कि चारों ने वहां गाली-गलौज करते हुए नरेश और उसकी पत्नी शारदा देवी के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








