Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 अगस्त। प्रेम रघु ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में आज नशा मुक्त अभियान के तहत विशाल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से पधारीं बीके शांता बहन, संस्था के चेयरमैन डा. पीपी सिंह, डिप्टी डायरेक्टर डा. भरत शर्मा एवं प्राचार्या डा. सरोज गौतम ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। बीके शांता बहन ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा ऐसी आदत है, जो व्यक्ति के साथ उसके परिवार, समाज और देश को भी पतन की ओर ले जाती है। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी को मिलकर इस अभियान में सहयोग करना चाहिए, ताकि देश को नशामुक्त, सुदृढ़ और समृद्ध बनाया जा सके। उन्होंने गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि नशे की आदत एक दिन में भले ही न छूटे, लेकिन प्रयास करने पर एक दिन जरूर छूटेगी। उन्होंने संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक एवं पोस्टर प्रेजेंटेशन के माध्यम से नशे की बढ़ती समस्या और युवा पीढ़ी पर इसके दुष्प्रभावों को प्रदर्शित किया। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास और दृढ़ संकल्प के माध्यम से देश को नशामुक्त बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में संस्था के चेयरमैन डा. पीपी सिंह ने ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से आए सभी बहन-भाइयों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले संस्था के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page