Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 अगस्त। शहर के गौशाला रोड पर बिजली विभाग द्वारा गौशाला के मुख्य गेट के किनारे नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू होते ही व्यापारियों और समाजसेवियों ने इसका जमकर विरोध किया। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि गौशाला के मुख्य गेट के सामने पहले से ही एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, ऐसे में गेट के किनारे दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया जाना सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है। बताया जा रहा है कि बिजली विभाग की टीम द्वारा आज गौशाला के मुख्य गेट के पास नया ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शुरू किया गया था। जैसे ही इसकी जानकारी व्यापारियों और समाजसेवियों को हुई, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और ट्रांसफार्मर लगाए जाने का विरोध शुरू कर दिया।

समाजसेवियों और व्यापारियों का कहना है कि गौशाला में वर्षभर सांस्कृतिक, धार्मिक एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। इन आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का गौशाला परिसर में आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में मुख्य गेट के ठीक किनारे ट्रांसफार्मर लगाए जाने से लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। विरोध कर रहे लोगों ने आशंका जताई कि यदि मुख्य गेट के पास ट्रांसफार्मर लगाया गया तो किसी भी समय कोई अप्रिय घटना या बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि जहां लोगों की लगातार आवाजाही रहती है, वहां बिजली के ट्रांसफार्मर की स्थापना करने से पहले सुरक्षा के सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। बिजली विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू किए जाने के बाद मौके पर पहुंचे समाजसेवियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई। मामले को लेकर समाजसेवियों द्वारा बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क किया गया है। लोगों की मांग है कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रांसफार्मर को किसी सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर लगाया जाए, ताकि गौशाला में आने वाले श्रद्धालुओं, कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों और आसपास के व्यापारियों को किसी तरह का खतरा न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page