
सादाबाद 19 अगस्त। यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत के नेतृत्व में वृंदावन से दिल्ली तक छह दिवसीय पदयात्रा शुरू की गई है। यह पदयात्रा 18 अगस्त को शुरू हुई और 23 अगस्त को नई दिल्ली के शाह ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले स्वर्ण आक्रोश महासम्मेलन में शामिल होगी। पदयात्रा के दूसरे दिन बुधवार को यह सादाबाद पहुंची, जहां क्षत्रिय समाज के लोगों ने पदयात्रा में शामिल पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। समाज के लोगों ने डॉ. राज शेखावत का स्वागत करते हुए पदयात्रा के उद्देश्य के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और एकजुटता के साथ पदयात्रियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर चौधरी चरण सिंह को नमन किया, जिसमें पदयात्रा में शामिल अन्य लोगों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। डॉ. राज शेखावत के नेतृत्व में निकली यह पदयात्रा वृंदावन से शुरू होकर विभिन्न स्थानों से होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। आयोजकों के अनुसार, इसका मुख्य उद्देश्य यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर समाज में जागरूकता पैदा करना और इस मांग को व्यापक स्तर पर उठाना है। पदयात्रा में क्षत्रिय करणी सेना की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अधिवक्ता संगीता सिंह, मनोज सिकरवार, अवधेश गहलोत समेत अनेक पदाधिकारी और समाज के प्रमुख लोग शामिल हैं। सादाबाद में स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के लोग मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में इस पदयात्रा को लेकर चर्चा बनी रही।







