Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 अगस्त । कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिले के विभिन्न कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, मरीजों की संख्या, उपचार की स्थिति और दवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा ब्लॉक सासनी, ब्लॉक हसायन एवं ब्लॉक सिकंदराराऊ क्षेत्र में संचालित विभिन्न कांवड़ कैंपों का निरीक्षण किया गया। इनमें नगला रति, चमरौली मंदिर, जरौली कला कचोरा, अगसोली, पीपल गांव, नगला जलाल, पंत चौराहा, हनुमान चौकी, बिजहरी, रुहेरी, महमूदपुर बरसे सहित अन्य कांवड़ शिविर शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों की हाजिरी चेक की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली कि अब तक कितने श्रद्धालु अथवा मरीज स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे हैं और उन्हें किस प्रकार का उपचार उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही शिविरों में उपलब्ध औषधियों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों एवं संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों में सतर्कता बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का भी किया निरीक्षण

इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोरा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला वीर सहाय में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का भी निरीक्षण किया। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर निरीक्षण के दौरान अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला वीर सहाय में पानी की टंकी लगाए जाने की आवश्यकता सामने आई। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोरा में समरसेबल खराब होने की जानकारी मिली, जिस पर सीएमओ ने विभागीय जूनियर इंजीनियर को समरसेबल को ठीक कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और श्रद्धालुओं को समय पर आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page