हाथरस 02 अगस्त । वर्ल्ड स्कार्फ डे के अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश जनपद हाथरस की विभिन्न इकाइयों द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं नवप्रवेशित स्काउट-गाइड को स्कार्फ पहनाकर स्काउट-गाइड परिवार में शामिल किया गया। इस दौरान स्काउटिंग-गाइडिंग के मूल्यों, अनुशासन, सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के क्रम में प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक/जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रनवीर सिंह को जिला संगठन आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला समन्वयक/जिला स्थानीय इकाई सचिव ऋषि कुमार वार्ष्णेय, जिला बेसिक स्काउट मास्टर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, आईटी कोऑर्डिनेटर रूपेश गौतम, गाइडर डॉ. सतना, संगीता वार्ष्णेय एवं स्काउटर योगेंद्र वार्ष्णेय द्वारा स्कार्फ पहनाया गया। स्कार्फ पहनाकर उन्हें भारत स्काउट एवं गाइड परिवार में शामिल किया गया। इस अवसर पर स्काउट-गाइड आंदोलन के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और राष्ट्रहित की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया। इसी क्रम में मानिक चंद्र इंटर कॉलेज, लाड़पुर में भी स्कार्फ डे के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां प्रधानाचार्य सत्यनारायण राम, शिक्षक धर्मेंद्र सिंह तथा नवप्रवेशित स्काउट एवं गाइड को स्कार्फ पहनाकर स्काउट-गाइड परिवार में सम्मिलित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित स्काउट एवं गाइड में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्कार्फ पहनने के साथ ही उन्होंने स्काउटिंग एवं गाइडिंग के मूल सिद्धांतों को अपनाते हुए सेवा, अनुशासन और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। भारत स्काउट एवं गाइड के पदाधिकारियों ने कहा कि स्कार्फ केवल पहचान का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, एकता और समर्पण की भावना का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।










