
हाथरस 01 अगस्त। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। एक युवक ने पांच लोगों पर गाली-गलौज, लाठी-डंडों और क्रिकेट के बल्ले-स्टंप समेत ईंट-पत्थरों से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव बबूल निवासी तुषार भारद्वाज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके मामा का लड़का कैम्ब्रिज स्कूल में पढ़ता है। आरोप है कि क्षेत्र के शिवा पंडित, रोहित पंडित, लवली यादव, दीपक यादव और ब्रोवो, निवासी हाथरस जंक्शन, उसके मामा के लड़के को आए दिन परेशान करते थे और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते थे। तुषार के अनुसार, इसी मामले में आरोपितों को समझाने के उद्देश्य से वह अपने एक मित्र के साथ 29 जुलाई की शाम मौके पर पहुंचा। उस समय आरोपी क्रिकेट खेल रहे थे। आरोप है कि उन्हें देखते ही पांचों युवक आग-बबूला हो गए और गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित ने बताया कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों, क्रिकेट के स्टंप-बल्ले और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में तुषार के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










