
हाथरस 31 जुलाई। शहर के बीचों-बीच हनुमान गली में कथित रूप से बड़े पैमाने पर चल रहे सिक्कों के कारोबार का प्रशासन और पुलिस ने खुलासा किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह के नेतृत्व में कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने पुस्तक विक्रेता सोनू समाधिया पुत्र नवीन समाधिया के नयागंज स्थित प्रतिष्ठान और हनुमान गली स्थित मकान पर छापेमारी की। प्रशासनिक और पुलिस टीम ने पहले नयागंज स्थित दुकान की तलाशी ली। इसके बाद टीम हनुमान गली स्थित मकान पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में 5 और 10 रुपये के सिक्के देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। तलाशी के दौरान दुकान और मकान से सिक्कों से भरे लगभग 100 बोरे बरामद किए गए। इन सिक्कों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां 5 और 10 रुपये के सिक्कों का लेन-देन सामान्य तरीके से गिनती के आधार पर न होकर वजन के हिसाब से किया जाता था। जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि बड़ी मात्रा में सिक्कों को एकत्र कर दिल्ली भेजा जा रहा था। प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि कहीं इन सिक्कों को किसी अन्य उद्देश्य, विशेष रूप से गलाने के लिए तो एकत्र नहीं किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बरामद सिक्कों की गिनती और पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












