
हाथरस 01 अगस्त। कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में आज पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र, अलीगढ़ प्रभाकर चौधरी ने जनपद के सिकंदराराऊ-कासगंज कांवड़ मार्ग का स्थलीय भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ अमित पाठक मौजूद रहे। डीआईजी ने कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, पुलिस पिकेट और ड्यूटी व्यवस्था सहित विभिन्न सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाए। किसी भी दशा में ड्यूटी स्थल खाली नहीं छोड़ा जाए और अधिकारी लगातार अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखें। किसी भी सूचना के मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी ने बैरिकेडिंग, डायवर्जन प्वाइंट और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कहा कि निर्धारित डायवर्जन प्लान का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए। कांवड़ियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात संचालित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और किसी भी स्थान पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर लगातार पैदल और वाहन गश्त कराने के साथ ही रात्रिकालीन ड्यूटी में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों से निरंतर संपर्क बनाए रखने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम से निगरानी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कैमरे सुचारू रूप से संचालित रहें और प्रत्येक गतिविधि की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखने तथा संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी ने कांवड़ियों के विश्राम स्थलों, शिविरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने को कहा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त महिला पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। एंटी रोमियो टीम और अन्य पुलिस टीमों को भी लगातार सक्रिय रहने को कहा गया। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने कहा कि भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली किसी भी पोस्ट का तत्काल सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया सेल लगातार सक्रिय रहे और आमजन के बीच सकारात्मक एवं तथ्यात्मक सूचनाओं का समय-समय पर प्रसार किया जाए। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय और अग्निशमन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी ड्यूटी और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उन्हें पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद डीआईजी प्रभाकर चौधरी कांवड़ श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और उनसे आत्मीय संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने यात्रा के दौरान पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में श्रद्धालुओं से फीडबैक लिया। कांवड़ियों ने पुलिस द्वारा किए जा रहे सुरक्षा प्रबंधों और सहयोगात्मक कार्यशैली की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।










