Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत 2 अगस्त को सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं के साथ वर्चुअल संवाद करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री अभियान का शुभारंभ भी करेंगे। राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं प्रशिक्षण केंद्रों में एक साथ किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक निर्धारित स्थान पर माय भारत स्वयंसेवकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। स्वयंसेवक कार्यक्रम के समन्वय, युवाओं की सहभागिता, नशामुक्ति संकल्प और कार्यक्रम संचालन में सहयोग करेंगे।

जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि यह अभियान ‘Drug Free India @2047’ के राष्ट्रीय विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें स्वस्थ, सजग और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने जनपद के युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने निकटतम निर्धारित संस्थान पर पहुंचकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनें और नशामुक्त भारत के संकल्प में सहभागी बनें। प्रत्येक संस्थान में माय भारत के नामित स्वयंसेवक कार्यक्रम शुरू होने से पहले तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम के बाद युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी और स्वच्छता गतिविधि भी आयोजित की जाएगी। जिला युवा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों और संबंधित संस्थानों से सुबह 10 बजे शुरू होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में समय से उपस्थित होकर अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और सभी को इस अभियान से जुड़कर सक्रिय योगदान देना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page