
हाथरस 31 जुलाई। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक कंटेनर चालक की मौत हो गई। सात महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के प्रताप चौराहे के पास गुरुवार रात राहगीरों ने एक युवक को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़ा देखा। सूचना पर स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आज सुबह मृतक की पहचान बरेली जनपद के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पदनी निवासी खेमपाल (30) पुत्र इंद्रपाल के रूप में हुई। वह पेशे से कंटेनर चालक था और रुद्रपुर से माल लेकर आगरा जा रहा था। पुलिस के अनुसार वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सका। घटना की सूचना मिलते ही परिजन हाथरस पहुंचे। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि खेमपाल का विवाह मात्र सात महीने पहले हुआ था और परिवार में अभी नई जिंदगी की खुशियां थीं, जो अब मातम में बदल गई हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।





