Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 जुलाई। शहर कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में पीओपी फॉल्स सीलिंग का काम कराने के नाम पर 94 हजार रुपये एडवांस लेने, काम शुरू न करने और रुपये वापस मांगने पर धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना हाथरस गेट में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। विष्णुपुरी गली नंबर-10 निवासी उदयवीर चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपने मकान में पीओपी फॉल्स सीलिंग कराने के लिए नगला अलगर्जी निवासी रोबिन से 120 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से सामग्री सहित कार्य कराने का सौदा तय किया था। आरोप है कि रोबिन ने 10 अप्रैल 2026 को 40 हजार रुपये नकद लिए। इसके बाद 19 अप्रैल को 20 हजार रुपये, 29 अप्रैल को 10 हजार रुपये तथा 17 जुलाई 2026 को 24 हजार रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए। इस प्रकार कुल 94 हजार रुपये लेने के बावजूद आरोपी ने काम शुरू नहीं किया। पीड़ित का आरोप है कि 30 जुलाई की सुबह वह अपने रुपये वापस मांगने रोबिन के घर पहुंचा तो रोबिन, उसके पिता राजकुमार और उसकी मां ने गाली-गलौज की। आरोप है कि उन्होंने रुपये मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी और कहा कि रुपये वापस नहीं मिलेंगे। पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page