
हाथरस 31 जुलाई। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के गायन एवं वादन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कार्यक्रम या समारोह में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों का गायन या वादन किया जाता है, तो पहले राष्ट्रगीत और उसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि जनपद के सभी विद्यालयों में प्रत्येक कार्यदिवस की शुरुआत राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से होगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रगीत का निर्धारित समय लगभग 3 मिनट 10 सेकंड तथा राष्ट्रगान का पूर्ण संस्करण लगभग 52 सेकंड (संक्षिप्त संस्करण 20 सेकंड) का है। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का शुद्ध पाठ एवं सही उच्चारण सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य होगा। इसके लिए गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध प्रमाणित पाठ का उपयोग किया जा सकता है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को निर्देशित किया कि इन दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने चेतावनी दी कि राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के संबंध में जारी निर्देशों की अनदेखी या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।





