हाथरस 31 जुलाई। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्के मकान की आस लगाए बैठे जिले के हजारों गरीब परिवारों के लिए राहत की उम्मीद बढ़ गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कराए गए सर्वेक्षण में जिले के 7,004 ऐसे परिवारों को चिह्नित किया गया है, जिनके पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है। अब जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) द्वारा इन सभी परिवारों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। सर्वे के बाद शुरू हुई सत्यापन प्रक्रिया के तहत अधिकारी मौके पर पहुंचकर लाभार्थियों की वास्तविक स्थिति और पात्रता की जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान योजना की सभी शर्तों पर खरे उतरने वाले परिवारों को पात्र माना जाएगा, जबकि अपात्र पाए जाने वाले आवेदकों के नाम सूची से हटा दिए जाएंगे। इसके बाद पात्र लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
शासन से अंतिम सूची को मंजूरी मिलने के बाद पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्के मकानों की स्वीकृति प्रदान की जाएगी। फिलहाल जिले के हजारों जरूरतमंद परिवारों की निगाहें सत्यापन प्रक्रिया पर टिकी हैं, क्योंकि इसी के आधार पर तय होगा कि उन्हें योजना का लाभ मिलेगा या नहीं। परियोजना निदेशक ने बताया कि सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो परिवार योजना की सभी पात्रता शर्तों को पूरा करेंगे, उन्हें नियमानुसार आवास का लाभ दिया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होते ही अंतिम सूची शासन को भेज दी जाएगी, जिसके बाद आवास स्वीकृत करने की कार्रवाई शुरू होगी।





