Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 जुलाई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित एक सादे एवं गरिमामय समारोह में अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए छह पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी। इस दौरान उनके उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए शॉल, रामायण एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में क्षेत्राधिकारी कार्यालय योगेश कृष्ण नारायण, प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे। सेवानिवृत्त होने वालों में उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) श्रीकृष्ण दत्त, इन्द्रदेव एवं राजबहादुर, मुख्य आरक्षी (सशस्त्र पुलिस) महावीर सिंह, फायरमैन हरिपाल सिंह तथा कुक राजकुमार शामिल रहे।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने पुलिस विभाग में अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने उनकी सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का अमूल्य समय पुलिस विभाग और समाज की सेवा में समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी के दौरान कर्मियों को अक्सर अपने परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है, लेकिन अब सेवानिवृत्ति के बाद परिवार के साथ समय बिताने और स्वस्थ एवं प्रसन्न जीवन जीने का अवसर मिलेगा। एसपी ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो वे बिना संकोच फोन अथवा कार्यालय आकर उन्हें अवगत करा सकते हैं। उनकी समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से स्वयं को व्यस्त, स्वस्थ और सकारात्मक बनाए रखने तथा पुलिस विभाग से अपना आत्मीय जुड़ाव बनाए रखने का आग्रह किया। समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को माल्यार्पण कर शॉल, रामायण एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की तथा उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित परिजनों का भी आभार व्यक्त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page