Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 जुलाई। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की अधिसूचना के अनुसार जनपद न्यायालय में कार्यरत सिविल जज (सीनियर डिवीजन) जयहिन्द कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश उच्चतर न्यायिक सेवा (एचजेएस) के अंतर्गत अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश/एफटीसी के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति जनपद न्यायालय, हाथरस में की गई है। मूल रूप से जनपद कुशीनगर निवासी जयहिन्द कुमार सिंह वर्तमान में हाथरस न्यायालय में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वर्ष 1997 में हाईस्कूल, 1999 में इंटरमीडिएट, 2002 में बीएससी, 2007 में एलएलबी तथा 2009 में एलएलएम की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 2011 में उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा आयोजित नेट एवं जेआरएफ परीक्षा भी विधि विषय में उत्तीर्ण की। वर्ष 2012 में उन्होंने बिहार न्यायिक सेवा (पीसीएस-जे) परीक्षा उत्तीर्ण की। इसी वर्ष उन्होंने उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा (पीसीएस-जे) परीक्षा भी सफलता के साथ पास की और मई 2013 में जनपद मऊ में अपर सिविल जज (कनिष्ठ प्रभाग) के पद पर कार्यभार ग्रहण किया। वर्ष 2018 में उन्होंने उत्तर प्रदेश उच्चतर न्यायिक सेवा (एचजेएस) परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली थी, लेकिन उस समय नियुक्ति न मिलने पर उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के उपरांत उन्हें उत्तर प्रदेश उच्चतर न्यायिक सेवा में नियुक्ति प्राप्त हुई। उनकी इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, भाई संजय कुमार सिंह (अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, रामपुर), मामा सरबजीत सिंह (अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश, वाराणसी) सहित न्यायिक अधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page