
हाथरस 31 जुलाई। समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के सत्र 2026-27 का शुभारंभ पी सी बागला महाविद्यालय में विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर प्रशासनिक, शैक्षिक एवं अन्य उच्च पदों तक पहुंचने के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना को आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह योजना प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ तैयारी करने से ही मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, परिवार के कार्यों में सहयोग देने तथा आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। साथ ही महाविद्यालय में ऑडिटोरियम, स्टेडियम एवं अन्य सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करने और हाथरस का नाम रोशन करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में उनका सबसे बड़ा प्रतिस्पर्धी कोई अन्य विद्यार्थी नहीं, बल्कि सोशल मीडिया है, जो पढ़ाई के दौरान ध्यान भटकाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अर्जुन की तरह एकाग्र होकर तैयारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता केवल कोचिंग से नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन, गुरुजनों के सम्मान और निरंतर परिश्रम से मिलती है। शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन का पूरा लाभ उठाकर विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर सिंह, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट शुभेन्द्र गोपाल तथा पी सी बागला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महावीर सिंह छोंकर ने भी विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और एकाग्रता के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना वर्ष 2022 से संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत सिविल सेवा, जेईई, नीट, एनडीए, सीडीएस, एसएससी, बैंकिंग, बीएड, टीईटी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग एवं विशेषज्ञों द्वारा गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आय या जाति संबंधी कोई बाध्यता नहीं है तथा जनपद का कोई भी पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर इसका लाभ उठा सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि पीसी बागला महाविद्यालय में अभ्युदय योजना की कक्षाएं 1 अगस्त से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में जिला विकास अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





