
हाथरस/हसायन 30 जुलाई। थाना हसायन क्षेत्र के गांव सिहोरी में तेज आवाज में गाने बजाने का विरोध करने पर पड़ोसी पक्ष द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता बेबी शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोसी संतोष और उसका बहनोई दुर्गेश बघेल उनके घर के पास कार खड़ी कर तेज आवाज में गाने बजा रहे थे। जब उन्होंने आवाज धीमी करने के लिए कहा तो दोनों गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर उनके भाई धुरेंद्र, भतीजा नमन पुत्र विष्णु तथा भाई नवीन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान संतोष बघेल, दुर्गेश बघेल, रेखा और संध्या ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। हमले में बेबी शर्मा के हाथ और सिर में चोटें आईं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






