
हाथरस 30 जुलाई। संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय एवं जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र वार्ष्णेय के संयुक्त नेतृत्व में नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय वार्ष्णेय (एडवोकेट) के पूर्वोत्तर/पूर्वांचल रेलवे के रेलवे पैनल अधिवक्ता नियुक्त होने पर सम्मान एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने माल्यार्पण कर तथा मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थापक राजीव वार्ष्णेय ने कहा कि संजय वार्ष्णेय का रेलवे पैनल अधिवक्ता के रूप में चयन हाथरस जनपद और व्यापार मंडल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, कानूनी दक्षता और निष्ठा का परिणाम है तथा उन्हें विश्वास है कि वह नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए अपने गुरुजनों और जनपद का नाम रोशन करेंगे। वहीं जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र वार्ष्णेय ने कहा कि संजय वार्ष्णेय की नियुक्ति से रेलवे प्रशासन के न्यायिक कार्यों को मजबूती मिलेगी और युवा अधिवक्ताओं को भी उनसे प्रेरणा प्राप्त होगी। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं के.के. सिंघल, राकेश बल्लभ वशिष्ठ, रामकुमार सिंह, प्रमोद शर्मा, राधामाधव शर्मा, निखिल वर्मा एवं नरेंद्र कुमार गौतम ने संयुक्त रूप से कहा कि संजय वार्ष्णेय ने हमेशा विधि के सिद्धांतों, व्यावसायिक नैतिकता और न्यायिक मूल्यों का सम्मान किया है। रेलवे पैनल अधिवक्ता के रूप में उनका चयन उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रमाण है और वह इस दायित्व का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ताओं सहित के.के. सिंघल, राजू वार्ष्णेय, राकेश बल्लभ वशिष्ठ, रामकुमार सिंह, सत्यवीर सिंह वर्मा, प्रमोद शर्मा, राधामाधव शर्मा, नरेंद्र कुमार गौतम, गिरराज प्रसाद, निखिल वर्मा, हेमंत वार्ष्णेय, केशव शर्मा, हरिओम, योग्यता गुप्ता, मुकुल रावत, शिखा, दिव्यांशी, प्रणीत गुप्ता, हर्षित वार्ष्णेय एवं कृति वार्ष्णेय सहित अनेक लोगों ने संजय वार्ष्णेय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।





