
हाथरस 29 जुलाई। कृपाल आश्रम शाखा में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहनाई वादन से हुई, जिसके बाद श्री देशराज जी ने गुरु महिमा पर प्रेरणादायक सत्संग कर गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत अलीगढ़ से पधारी श्री उपेंद्र कुमार जी की टीम ने महाराज जी की गजलों एवं भजनों की संगीतमय प्रस्तुति दी। मधुर भजनों को सुनकर सत्संग हॉल भक्तों से खचाखच भरा रहा और पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।
इससे पूर्व 28 जुलाई को आयोजित आध्यात्मिक साप्ताहिक सत्संग महोत्सव के चौथे दिन श्री श्योराज जी ने “ध्यान जीवन का एक तरीका” विषय पर सत्संग करते हुए ध्यान के आध्यात्मिक एवं व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं दिल्ली से पधारे श्री राजेंद्र शर्मा जी एवं श्री ओमप्रकाश जी ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु भक्ति में लीन होकर सत्संग एवं भजन-कीर्तन का आनंद लिया तथा महाराज जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका आभार प्रकट किया।








