Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 जुलाई। दहेज की मांग, छेड़छाड़ और मारपीट से परेशान होकर एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ थाना हाथरस जंक्शन में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव बलना निवासी विवाहिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी श्री कृष्ण पुत्र प्रताप सिंह निवासी बल्टीगढ़ी, थाना दल्देद, जिला मथुरा के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष की ओर से करीब आठ लाख रुपये का दान-दहेज दिया गया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति श्री कृष्ण, ससुर, सास और देवर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे।

विवाहिता का आरोप है कि देवर मोहित उस पर गलत नजर रखता था और अकेले में उसके साथ छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद उसकी आठ माह की बेटी भी है, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में बाइक और एक लाख रुपये की मांग की जाने लगी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 11 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे देवर मोहित ने फिर छेड़छाड़ की। इसकी शिकायत जब उसने ससुराल वालों से की तो सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। अगले दिन 12 जुलाई को उसे वृंदावन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़िता के अनुसार, इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके गांव बलना पहुंचे और समझौते का दबाव बनाने लगे। मना करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि करीब एक घंटे बाद दोबारा आए और लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए कहा कि यदि बाइक और एक लाख रुपये लेकर नहीं आई तो उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। विवाहिता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए बताया कि उसे और उसके परिवार को ससुराल पक्ष से जान-माल का खतरा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page