Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 जुलाई। दहेज उत्पीड़न, आत्महत्या के लिए उकसाने और मृतक पति के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये निकालने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना हाथरस जंक्शन में राजपाल कालोनी निवासी शिवानी पत्नी स्वर्गीय कौशल सिंह की तहरीर पर सलेमपुर निवासी ससुर प्रेमवीर सिंह, सास बीना देवी और देवर निशांत सिंह के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है। शिवानी ने आरोप लगाया कि उनकी शादी 29 अप्रैल 2025 को कौशल सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उन्हें परेशान करते थे। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 15 दिसंबर 2025 को उनके पति कौशल सिंह ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद 20 जनवरी 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने धोखाधड़ी कर मृतक पति के बैंक खाते से एटीएम के माध्यम से नौ लाख रुपये निकाल लिए। साथ ही नेट बैंकिंग के जरिए एफडी तुड़वाकर रकम सास बीना देवी के खाते में ट्रांसफर करने का भी आरोप लगाया गया है।

शिवानी ने बताया कि उन्होंने 31 जनवरी 2026 को मामले की शिकायत थाना पुलिस और पुलिस अधीक्षक से की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक महावीर सिंह को सौंपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page