
हाथरस, 28 जुलाई। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान एसआरबी पब्लिक स्कूल के छात्र अर्चित सिंह ने जेईई एडवांस्ड में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के प्रतिष्ठित आईआईटी गुवाहाटी में बीटेक केमिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम में प्रवेश प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और जनपद का नाम रोशन किया है। विद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि जेईई मेन्स एवं जेईई एडवांस्ड में एसआरबी पब्लिक स्कूल के कुल छह विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर देश के प्रतिष्ठित आईआईटी एवं एनआईटी संस्थानों में प्रवेश सुनिश्चित किया है। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम बताया। अर्चित सिंह के पिता डॉ. आर. एन. सिंह शहर के एक इंटर कॉलेज में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता हैं। बेटे की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, सहपाठियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंध समिति ने अर्चित सिंह को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही विद्यालय की सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। उन्होंने कहा कि अर्चित ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अर्चित सिंह भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नए आयाम स्थापित करते हुए विद्यालय, जनपद और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अर्चित सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।







