Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 जुलाई। सावन कृपाल रूहानी मिशन के तत्वावधान में हुजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल आध्यात्मिक सत्संग महोत्सव के चौथे दिन कृपाल आश्रम, गौशाला मार्ग में प्रातः एवं सायंकालीन पालियों में आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया गया। सत्संग कार्यक्रम में बुलंदशहर से आए सत्संग वक्ता श्योराज सिंह ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 84 लाख योनियों में मानव जीवन सबसे श्रेष्ठ माना गया है। परमात्मा ने मनुष्य को यह दुर्लभ जीवन इसलिए प्रदान किया है, ताकि वह प्रभु प्राप्ति के मार्ग को समझकर अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य को पूरा कर सके। उन्होंने गुरु की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूर्ण गुरु ही जीव को सही मार्ग दिखाकर उसके लोक और परलोक दोनों को संवारने का कार्य करते हैं। जब मनुष्य सतगुरु द्वारा बताए गए मार्ग पर नियमित रूप से चलता है, तो एक समय ऐसा आता है जब वह अपने जीवन के मूल उद्देश्य—स्वयं को सही रूप में जानना और परमात्मा की प्राप्ति—की ओर अग्रसर होता है। सत्संग के दौरान हाथरस शाखा का सत्संग हॉल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। बड़ी संख्या में साध संगत ने आध्यात्मिक प्रवचनों का श्रवण कर लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे साध संगत ने श्रद्धा और प्रेम भाव के साथ ग्रहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page