
हाथरस 28 जुलाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएमओ ने आज 28 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी मुरसान का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी अपनी-अपनी ड्यूटी पर उपस्थित पाए गए। इस दौरान ऑनलाइन ओपीडी पंजीकरण की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती मिली तथा लैब में विभिन्न प्रकार की जांचें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होती हुई पाई गईं। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एम्बुलेंस चालकों एवं अन्य एम्बुलेंस कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया। उन्होंने सभी एम्बुलेंस कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ सदैव मधुर एवं सम्मानजनक व्यवहार करें, मरीजों के प्रति संवेदनशील रहें तथा आपात स्थिति में अधिक से अधिक तत्परता के साथ मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और मानवीय व्यवहार ही मरीजों का विश्वास मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।







