Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 जुलाई। नगर पालिका परिषद हाथरस की अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं जलभराव मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से देर रात्रि रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं वार्डों का भ्रमण कर सफाई कार्यों का जायजा लिया। साथ ही पंपिंग स्टेशन पहुंचकर वहां संचालित जल निकासी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष ने रात्रिकालीन सफाई अभियान, कूड़ा उठान, नालियों की सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का बारीकी से अवलोकन किया। पंपिंग स्टेशन पर उन्होंने मशीनों की कार्यप्रणाली, जल निकासी व्यवस्था और आपात स्थिति में त्वरित संचालन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी जलभराव या गंदगी की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से संचालित की जाएं। पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वह स्वयं देर रात तक फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था और पंपिंग स्टेशन की निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे और नगर की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रिकालीन सफाई अभियान नियमित रूप से जारी रखा जाए तथा पंपिंग स्टेशन की सभी मशीनें हर समय पूर्ण क्षमता के साथ संचालित रहें, जिससे वर्षा अथवा अन्य आपात परिस्थितियों में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो। स्थानीय नागरिकों ने पालिकाध्यक्ष द्वारा देर रात स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने की पहल की सराहना करते हुए इसे स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित हाथरस की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page