
हाथरस 28 जुलाई। शहर के व्यस्त बागला इंटर कॉलेज रोड पर बारिश के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो सांड आपस में भीषण रूप से भिड़ गए। दोनों सांड सड़क के बीचों-बीच एक-दूसरे पर हमला करते रहे, जिससे कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बारिश के कारण पहले से ही सड़क पर फिसलन थी। ऐसे में सांडों की लड़ाई ने राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। कई लोग अपनी सुरक्षा के लिए सड़क किनारे हट गए, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले सांडों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो कुछ लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से दोनों सांडों को अलग कर वहां से भगाया। सांडों के हटने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका और लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना ने शहर में आवारा पशुओं की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की सड़कों पर आवारा सांड और अन्य पशु अक्सर खुलेआम घूमते रहते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं और जाम जैसी स्थिति पैदा होती रहती है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका और संबंधित प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके और शहर का यातायात सुचारू बना रहे।







