
हाथरस 28 जुलाई। शहर के तालाब ओवरब्रिज पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय छात्रा खुशी अग्रवाल की उपचार के दौरान मौत के बाद मंगलवार सुबह लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। व्यापारी, स्थानीय नागरिक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग बड़ी संख्या में ओवरब्रिज पर एकत्र हुए और मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मृतका खुशी अग्रवाल आगरा रोड स्थित पुराना मिल कंपाउंड निवासी एवं वैटनरी डॉक्टर संजीव अग्रवाल की पुत्री थीं। वह अलीगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग संस्थान में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। सोमवार शाम कोचिंग से स्कूटी से घर लौटते समय तालाब ओवरब्रिज पर एक ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले जिला अस्पताल और बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम, शहर कोतवाली प्रभारी एवं यातायात निरीक्षक ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।
आज सुबह हादसे के विरोध में लोगों ने ओवरब्रिज पर प्रदर्शन करते हुए सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ओवरब्रिज की कम चौड़ाई, भारी वाहनों का दबाव और पुल से नीचे उतरते समय खतरनाक मोड़ होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने ओवरब्रिज पर यातायात नियंत्रण, सुरक्षा बैरियर, चेतावनी संकेतक तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थायी समाधान किए जाने की मांग उठाई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी सदर राजबहादुर सहित अन्य अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी मांगों को सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ और यातायात सामान्य कराया गया। इस दुखद घटना के बाद पूरे शहर में शोक का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुधार शीघ्र लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हमारा हाथरस का प्रशासन को सुझाव है कि ओवरब्रिज के दोनों किनारों पर बेहतर एवं सुरक्षित यू-टर्न बनाए जाए, जिससे ओवरब्रिज से उतरते समय बने तीखे मोड़, सड़क की कम चौड़ाई और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। यदि यू-टर्न को वैज्ञानिक ढंग से विकसित किया जाए और सड़क का चौड़ीकरण कराया जाए तो हादसों में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। प्रशासन से मांग है कि ओवरब्रिज के दोनों ओर यू-टर्न को चौड़ा और सुरक्षित बनाया जाए, आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा बैरियर, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक एवं स्पीड कंट्रोल के इंतजाम किए जाएं। साथ ही पुल के दोनों ओर अतिक्रमण हटाकर सड़क का चौड़ीकरण भी कराया जाए। ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।








