
हाथरस 28 जुलाई। हाथरस जंक्शन क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज पर आज तेज रफ्तार टाटा मैक्स वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपति पुल की पटरी से नीचे जा गिरे। हादसे में पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि महिला को भी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पति की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया, जबकि महिला का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस टाटा मैक्स वाहन की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए ओवरब्रिज पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित कर दोबारा सुचारु कराया।







