Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 27 जुलाई। श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ हाथरस-कासगंज (मथुरा-बरेली) राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हाथरस बाईपास (रुहेरी कट) से कासगंज जनपद की सीमा तक सलेमपुर, रती का नगला, पंत चौराहा, सिकंदराराऊ बाईपास, फायर स्टेशन सिकंदराराऊ, अगसौली सहित प्रमुख स्थलों एवं प्रस्तावित शिविर स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को आवश्यक स्थानों पर रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग पर क्षतिग्रस्त अथवा मरम्मत योग्य स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कांवड़ियों के लिए पृथक लेन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उनकी आवाजाही सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे तथा सामान्य यातायात भी बाधित न हो। उन्होंने पंत चौराहा, सिकंदराराऊ बाईपास एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइट स्थापित करने तथा पंत चौराहा सहित कांवड़ मार्गों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावित शिविरों में शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक शिविर में पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, डस्टबिन, चिकित्सा सुविधा, मेडिकल किट तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विद्युत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्युत पोलों को आवश्यकतानुसार पॉलिथीन से कवर कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं तथा प्रत्येक व्यवस्था की सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, एनएचएआई के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page