हाथरस 27 जुलाई। लगातार चार दिन तक निरस्त रहने के बाद रविवार को हाथरस से दिल्ली जाने वाली एचएडी और टीएडी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हो गया। हालांकि रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेनों के संचालन बहाल होने की पूर्व सूचना जारी नहीं किए जाने के कारण अधिकांश यात्री इससे अनजान रहे। इसका असर टिकट बिक्री पर भी देखने को मिला और सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम यात्रियों ने यात्रा की।रविवार सुबह हाथरस किला स्टेशन पर एचएडी पैसेंजर के अचानक पहुंचने से यात्री कुछ देर के लिए आश्चर्यचकित रह गए। इसके बाद ट्रेन निर्धारित समय पर दिल्ली के लिए रवाना हुई। इसी प्रकार हाथरस जंक्शन से संचालित होने वाली टीएडी पैसेंजर का संचालन भी बिना किसी पूर्व सूचना के शुरू कर दिया गया।
रेल यात्रियों का कहना है कि रविवार सुबह करीब पांच बजे ऑनलाइन रेलवे एप पर ट्रेन का स्टेटस दिखाई देने के बाद ही उन्हें संचालन शुरू होने की जानकारी मिली। तब तक अधिकांश दैनिक यात्रियों ने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अन्य साधनों की व्यवस्था कर ली थी। जानकारी के अनुसार, सामान्य दिनों में रविवार को हाथरस किला से दिल्ली जाने वाली इन दोनों ट्रेनों के लिए करीब 700 टिकटों की बिक्री होती है, लेकिन अचानक संचालन बहाल होने की वजह से इस बार केवल करीब 300 टिकट ही बिक सके। इससे रेलवे के राजस्व पर भी असर पड़ा। यात्रियों ने कहा कि यदि रेलवे प्रशासन समय रहते ट्रेनों के संचालन की सूचना जारी कर देता तो अधिक संख्या में यात्री इन ट्रेनों का लाभ उठा सकते थे। प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अमित कुमार ने बताया कि परिचालन सामान्य होने के बाद एचएडी और टीएडी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू करा दिया गया है।











