
हाथरस 26 जुलाई। थाना सदर कोतवाली क्षेत्र के इगलास अड्डा चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक चालक से कथित रूप से रिश्वत लेते एक होमगार्ड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच जारी है। जिला होमगार्ड कमांडेंट अनुराग सिंह ने बताया कि 23 जुलाई का यह वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच के दौरान वायरल वीडियो में होमगार्ड ब्रजेश एक बाइक चालक से ₹500 का नोट लेते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है। आरोप है कि यह रकम वाहन का चालान न करने के एवज में ली गई थी। घटना के समय मौके पर एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मौजूद था। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर होमगार्ड ब्रजेश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जिला होमगार्ड कमांडेंट अनुराग सिंह ने कहा कि मामले की विभागीय जांच अभी जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





