Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 26 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित गांव बिलार के निकट देर रात ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने की भिड़ंत में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक मामूली रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा और ट्रैक्टर पर लदा सरिया सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार जनपद एटा के गांव दूल्हापुर निवासी अतर सिंह ट्रैक्टर में सरिया लादकर अलीगढ़ की ओर से एटा जा रहे थे। इसी दौरान बिलार गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क किनारे खाई में पलट गया और ट्रैक्टर पर लदा सरिया सड़क पर फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की सहायता से ट्रक को खाई से बाहर निकलवाया तथा सड़क पर बिखरे सरिए को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। दुर्घटना में घायल ट्रैक्टर चालक अतर सिंह और ट्रक चालक पप्पू सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने ट्रैक्टर चालक अतर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि ट्रक चालक पप्पू सिंह को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हाथरस भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page