Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत जनपद के 20 उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में सिकंद्राराऊ विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चंद्र ने शिक्षकों को कार्ड प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शिक्षकों ने स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में प्रदेश सरकार की इस ऐतिहासिक पहल की सराहना की। कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खंदारी परिसर से आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण भी देखा गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन के साथ-साथ शिक्षा क्षेत्र में बीते नौ वर्षों के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का भी अवलोकन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण एवं शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार जनहितकारी योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और उनके स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उन्हें इलाज के दौरान आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चंद्र ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं कभी भी किसी के सामने आ सकती हैं। ऐसे समय में कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों को आर्थिक एवं मानसिक संबल प्रदान करेगी। इस अवसर पर उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा कुरसंडा महाविद्यालय, सादाबाद की प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. मृदुला गौतम ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page